स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 07 जुलाई 2026। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शाहजहाँपुर पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने लखीमपुर खीरी एवं पीलीभीत पुलिस अधिकारियों के साथ अंतरजनपदीय कांवड़ यात्रा मार्ग का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी गोला (लखीमपुर खीरी) एवं क्षेत्राधिकारी पूरनपुर (पीलीभीत) के साथ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने प्रमुख चौराहों, तिराहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, सीमा बिंदुओं, बैरिकेडिंग स्थलों, डायवर्जन प्वाइंट, पार्किंग स्थलों एवं संभावित विश्राम स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही भारी वाहनों के डायवर्जन, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा आपात स्थिति में त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित करने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
पुलिस अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर नियमित गश्त, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी बैरिकेडिंग एवं वैकल्पिक यातायात व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान पुलिस सहायता केंद्र, कंट्रोल रूम, एंबुलेंस, चिकित्सीय सुविधाएं, अग्निशमन संसाधन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं स्वच्छता संबंधी तैयारियों की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच, आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कैमरे लगाने तथा ड्रोन कैमरों के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर कड़ी नजर रखने तथा तत्काल तथ्यात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश जारी किए गए।
शाहजहाँपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, सुगम यातायात एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments