शाहजहाँपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने पेयजल पाइपलाइन बिछाने के बाद रेस्टोरेशन कार्य में हो रही लापरवाही और सभी घरों तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित न होने पर नाराजगी जताई।
मंत्री ने जल निगम ग्रामीण एवं शहरी तथा संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि रेस्टोरेशन कार्य एवं हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
नगर क्षेत्र में पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों की मरम्मत में हो रही देरी पर भी मंत्री ने असंतोष व्यक्त करते हुए 20 जुलाई तक सभी लंबित रेस्टोरेशन कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में पाइपलाइन बिछाने के बाद खराब सड़कों और अधूरे रेस्टोरेशन का मुद्दा उठाया। इस पर मंत्री ने संबंधित कार्यदायी संस्था को एक सप्ताह के भीतर सभी शिकायतों का समाधान करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि भविष्य में जहां भी नई पेयजल पाइपलाइन डाली जाए, वहां पाइपलाइन बिछाने के साथ ही तत्काल रेस्टोरेशन कार्य कराया जाए, ताकि सड़कें पहले जैसी स्थिति में रहें और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने जल निगम शहरी एवं ग्रामीण के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं से संबंधित सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) सचिन कुमार, संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं पार्षद उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments