Breaking News

पुलिस अधीक्षक ने सदर बाजार क्षेत्र में किया पैदल गश्त, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था का लिया जायजा

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 06 जुलाई 2026। जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ दीक्षित ने सोमवार को थाना सदर बाजार क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) एवं थाना सदर बाजार पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन तथा पुलिस की सक्रिय उपस्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित रूप से पैदल गश्त एवं वाहन चेकिंग अभियान चलाने, संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।

एसपी ने कहा कि बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित करते हुए अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को जनसामान्य के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने तथा शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के भी निर्देश दिए।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली सूचना मिले तो तत्काल स्थानीय पुलिस को अवगत कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

शाहजहाँपुर पुलिस ने आमजन को भरोसा दिलाया कि जनपद में सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए पैदल गश्त, वाहन चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी एवं अन्य प्रभावी पुलिसिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि के विरुद्ध कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments