Breaking News

सरकारी योजनाओं के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, STF ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

 

ब्यूरो रिपोर्ट राजन भारती, लखनऊ ✍️

लखनऊ/खीरी। उत्तर प्रदेश एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और अधिक पैसा कमाने का लालच देकर लोगों के नाम पर सिम कार्ड एक्टिवेट कर, उनसे यूपीआई आईडी बनवाकर विभिन्न गेमिंग एप के माध्यम से साइबर ठगी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक वर्मा, नीरज वर्मा, रवि दीप कुमार और आदेश वर्मा के रूप में हुई है। एसटीएफ ने इनके कब्जे से मॉर्फो फिंगरप्रिंट मशीन, कई बैंकों के एटीएम कार्ड, विभिन्न दस्तावेज एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए हैं।

एसटीएफ ने चारों आरोपियों को जनपद खीरी के थाना कोतवाली सदर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा अन्य माध्यमों से धन दिलाने का झांसा देकर उनके नाम पर सिम कार्ड सक्रिय कराता था। बाद में उन्हीं सिम कार्डों से यूपीआई आईडी बनाकर विभिन्न गेमिंग एप और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए साइबर ठगी को अंजाम दिया जाता था।

एसटीएफ ने आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली सदर, जनपद खीरी में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments