ब्यूरो रिपोर्ट राजन भारती, लखनऊ ✍️
जानकीपुरम विस्तार में खुले बिजली के तारों ने उजागर की सुरक्षा व्यवस्था की लापरवाही
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम विस्तार स्थित केंद्रीय विहार सेक्टर-6 में नगर निगम की बड़ी लापरवाही सामने आई है। मुख्य द्वार के पास लगे स्ट्रीट लाइट पोल में करंट उतर आने से उसकी चपेट में आकर एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय कोई राहगीर या बच्चा पोल के संपर्क में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार स्ट्रीट लाइट पोल के पास लंबे समय से खुले विद्युत तार पड़े थे, लेकिन संबंधित विभागों ने उन्हें सुरक्षित करने की कोई कार्रवाई नहीं की। लगातार हो रही बारिश के कारण पोल में करंट प्रवाहित हो गया और वहां से गुजर रही गाय इसकी चपेट में आ गई।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली के खुले तारों को ठीक कर दिया जाता, तो एक बेजुबान पशु की जान नहीं जाती।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि यह घटना प्रशासन के लिए एक गंभीर चेतावनी है। यदि पोल की चपेट में कोई बच्चा, राहगीर या दोपहिया वाहन चालक आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से मामले का संज्ञान लेकर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा पूरे शहर में स्ट्रीट लाइट पोलों का सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की है।
साथ ही नागरिकों ने नगर निगम, विद्युत विभाग एवं संबंधित एजेंसियों से संयुक्त अभियान चलाकर सभी स्ट्रीट लाइट पोलों की जांच, खुले तारों को तत्काल सुरक्षित करने तथा नियमित निरीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments