कांवड़ मार्ग का एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग, ड्यूटी प्वाइंट, सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों एवं यातायात प्रबंधन का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने तथा प्रत्येक गतिविधि पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।

एसपी ने कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ यात्रियों एवं आमजन से संवाद कर शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल स्थानीय पुलिस, डायल-112 अथवा निकटतम पुलिस अधिकारी को सूचना देने का आग्रह किया।

शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा पूरे कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

Previous Post Next Post