स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। जनपद की मॉडल ग्राम पंचायत भटपुरा रसूलपुर में मेहनतकश वर्ग के सम्मान की अनूठी मिसाल देखने को मिली। ग्राम प्रधान/प्रशासक अनिल गुप्ता ने रोजी-रोटी की तलाश में विभिन्न गांवों से फेरी लगाकर आने वाले व्यापारियों का फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया और मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान ने फेरी व्यापारियों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना तथा व्यापार के दौरान आने वाली समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि फेरी लगाकर व्यापार करना सदियों पुरानी परंपरा है और ईमानदारी से मेहनत कर परिवार का पालन-पोषण करने वाला हर व्यक्ति सम्मान का अधिकारी है।
अनिल गुप्ता ने कहा कि कोई भी रोजगार छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि मेहनत और ईमानदारी ही व्यक्ति की सबसे बड़ी पहचान होती है। उन्होंने फेरी व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में यदि उन्हें किसी प्रकार की समस्या, भुगतान संबंधी विवाद या किसी अन्य तरह की कठिनाई का सामना करना पड़े तो पंचायत प्रशासन हरसंभव सहायता करेगा।
इस दौरान हरिओम, नाजीर अली, सचिन, रफीक, झब्बूलाल सहित कई फेरी व्यापारियों ने बताया कि भटपुरा रसूलपुर ग्राम पंचायत में उन्हें हमेशा सम्मान और सहयोग मिलता है। उन्होंने कहा कि गांव के सभी 56 मार्ग रंगीन इंटरलॉकिंग से बने होने के कारण आवागमन आसान हो गया है और व्यापार करने में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होती।
फेरी व्यापारियों ने ग्रामीणों के व्यवहार की भी सराहना करते हुए बताया कि गांव में प्रतिदिन करीब 50 फेरी वाले विभिन्न सामानों की बिक्री के लिए आते हैं और यहां उन्हें अच्छा व्यापार भी मिलता है।
ग्राम पंचायत की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि यह पहल मेहनतकश वर्ग के सम्मान, सामाजिक सौहार्द और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का प्रेरणादायक उदाहरण है।
