स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻
शाहजहांपुर, 20 सितंबर 2025: श्रद्धा और भक्ति के माहौल में शनिवार को खिरनी बाग रामलीला महोत्सव 2025 का ऐतिहासिक आगाज़ हुआ। श्री नरसिंह भगवान मंदिर, भोलागंज से प्रारंभ हुई भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा संस्था के संरक्षक सुरेश कुमार खन्ना ने श्री गणेश पूजन और आरती कर किया।
इसके बाद भगवान राम, सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान जी के स्वरूपों का पूजन कर विशेष रूप से तैयार राम रथ को रवाना किया गया। शोभायात्रा में गणेश जी की प्रतिमा, शिव-पार्वती, दुर्गा माता, सरस्वती माता, लक्ष्मी-नारायण और वरुण देव सहित कई देव स्वरूपों की आकर्षक झांकियां निकाली गईं। हाथी-घोड़े, ढोल-नगाड़ों की गूंज और मैनपुरी से आए विशेष बैंड ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
यात्रा गांधी गंज से होते हुए रंगमहला, खोया मंडी, छोटा चौक, बड़ा चौक, कच्चा कटरा, घंटाघर, मशीनरी मार्केट और सदर बाजार मार्ग से गुजरते हुए खिरनी बाग रामलीला मैदान पहुंची। पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं ने आरती, पुष्पवर्षा और प्रसाद वितरण कर देव स्वरूपों का स्वागत किया।
रामलीला मैदान पहुंचने पर देव स्वरूपों को मंच पर विराजमान कराया गया। यहां मंत्री सुरेश खन्ना ने गणेश पूजन एवं हवन कर महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने कहा, “रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और संस्कारों को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाने का माध्यम है।”
इस अवसर पर डॉ. सुधीर गुप्ता (एमएलसी), चंद्रशेखर खन्ना, नरेंद्र मिश्रा गुरु, वीरेंद्र पाल सिंह यादव, अशोक अग्रवाल, सुरेश सिंघल, नीरज बाजपेई, ब्लॉक प्रमुख श्रीदत्त शुक्ला, राजाराम, राम मोहन वर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
भक्तिमय माहौल और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के साथ रामलीला महोत्सव 2025 का शुभारंभ शहर के लिए ऐतिहासिक और यादगार बन गया।
0 Comments