ब्यूरो रिपोर्ट – सुधीर सिंह कुम्भाणी ✍️
रेउसा (सीतापुर)।
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष लोकेश कुमार मिश्र ने गन्ना मूल्य में ₹30 प्रति क्विंटल की वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रदेश के लाखों गन्ना किसानों के जीवन में नई राहत लेकर आएगा।
लोकेश मिश्र ने बताया कि अब किसानों को प्रारंभिक गुणवत्ता के गन्ने का मूल्य ₹400 प्रति क्विंटल तथा सामान्य गुणवत्ता के गन्ने का मूल्य ₹390 प्रति क्विंटल मिलेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से अब तक योगी सरकार द्वारा गन्ने के मूल्य में कुल ₹85 प्रति क्विंटल की वृद्धि की जा चुकी है और किसानों को समय पर भुगतान भी सुनिश्चित किया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने पुरानी बंद पड़ी छह चीनी मिलों को पुनः चालू किया है तथा चार नई मिलों की स्थापना की जा रही है, जिससे गन्ना उत्पादकों को बड़ा लाभ मिलेगा।
लोकेश मिश्र ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह कदम किसानों की आय बढ़ाने, उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और प्रदेश के कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक निर्णय है।

0 Comments