शाहजहाँपुर, 08 जनवरी।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आज जनपद स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में आयोजित की गई। बैठक में डाकघर, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) तथा बैंकों द्वारा आधार कार्ड निर्माण, अपडेशन एवं केवाईसी की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बैंकों में बन रहे आधार कार्डों एवं केवाईसी अपडेशन की प्रक्रिया का निरीक्षण अधिकारी नियमित रूप से करें, ताकि किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने बताया कि जलालाबाद, पुवायां, जैतीपुर और खुदागंज क्षेत्रों में सीएससी केंद्रों के माध्यम से आधार संबंधित कार्य संचालित हैं।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि 15 दिनों के भीतर जनपद के सभी ब्लॉकों में आधार कार्ड बनाने के लिए कॉमन सर्विस सेंटर का संचालन प्रारंभ कर दिया जाए, जिससे नागरिकों को आधार से संबंधित कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से इधर-उधर भटकना न पड़े और वे अपने नजदीकी केंद्र पर ही सेवाएं प्राप्त कर सकें।
जिलाधिकारी ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के आधार कार्ड बनाए जाने के लिए विशेष पहल करते हुए निर्देश दिए कि संबंधित सेंटरों को विद्यालयों में भेजा जाए, ताकि बच्चों का नामांकन के साथ ही उनका आधार बन सके। इसके लिए स्कूलवार योजना (School-wise Plan) तैयार कर अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी निष्क्रिय आधार केंद्रों को शीघ्र चालू किया जाए, ताकि लोगों को आधार कार्ड बनवाने, अपडेट कराने और केवाईसी पूर्ण कराने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments