Breaking News

अटल प्रेक्षा गृह, शाहजहाँपुर में यातायात माह अभियान–2026 के समापन के अवसर पर भव्य एवं गरिमामयी समारोह सम्पन्न हुआ।


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

आज दिनांक 31 जनवरी 2026 को यातायात माह अभियान–2026 के समापन अवसर पर अटल प्रेक्षा गृह, जनपद शाहजहाँपुर में एक भव्य एवं गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रीमान जिलाधिकारी शाहजहाँपुर महोदय एवं श्रीमान पुलिस अधीक्षक नगर शाहजहाँपुर महोदय द्वारा संयुक्त रूप से सहभागिता की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी महोदय एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर महोदय द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। समारोह के दौरान यातायात माह अभियान–2026 के अंतर्गत आयोजित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों, प्रवर्तन कार्यवाहियों तथा उनके सकारात्मक परिणामों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला गया।

समारोह के दौरान जनपद में सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, जागरूकता कार्यक्रमों के सफल संचालन एवं जनसहयोग से यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिस कर्मियों एवं जागरूक नागरिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर यातायात विभाग से उप निरीक्षक (टी.पी.) विनय पाण्डेय एवं मुख्य आरक्षी कोमल को यातायात माह अभियान के दौरान उनके द्वारा किए गए सराहनीय, अनुकरणीय एवं समर्पित कार्यों के लिए विशेष रूप से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही अन्य सहयोगी कर्मियों एवं नागरिकों के योगदान की भी भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी  एवं पुलिस अधीक्षक नगर  ने कहा कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने उपस्थितजनों से अपील की कि वे भविष्य में भी यातायात नियमों का पालन करें तथा जनपद में सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करते रहें।

समारोह में क्षेत्राधिकारी लाइन, बेसिक शिक्षा अधिकारी शाहजहाँपुर, टी.आई. शाहजहाँपुर, अन्य अधिकारीगण, पुलिसकर्मी एवं सामान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता को और अधिक सुदृढ़ करना तथा भविष्य में भी इस प्रकार के अभियानों को निरंतर जारी रखने हेतु प्रेरित करना रहा।



Post a Comment

0 Comments