स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻
शाहजहाँपुर, 30 जनवरी।
विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 31 जनवरी 2026 (शनिवार) को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर जनपद शाहजहाँपुर के समस्त मतदेय स्थल प्रातः 11:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक खुले रहेंगे, जहां बीएलओ उपस्थित रहकर जनसामान्य से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी / अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान 18 वर्ष आयु पूर्ण कर चुके पात्र नागरिक अपने नजदीकी मतदेय स्थल पर जाकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने हेतु फार्म-6, नाम हटवाने के लिए फार्म-7 तथा नाम, पता अथवा अन्य प्रविष्टियों में संशोधन एवं स्थानांतरण हेतु फार्म-8 भरकर बीएलओ को जमा कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि यदि मतदाता के नाम, पिता के नाम अथवा जन्म तिथि में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो उसका भी सुधार कराया जा सकता है। जिन नागरिकों के पास पहले से भरे हुए फार्म उपलब्ध हैं, वे अभियान दिवस में सीधे अपने बूथ पर जाकर उन्हें जमा कर सकते हैं।
विशेष अभियान को सफल बनाने हेतु जिन विद्यालयों में मतदेय स्थल स्थापित हैं, वे सभी विद्यालय प्रातः 11:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक खुले रहेंगे, जहां सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहकर बीएलओ के साथ सहयोग करेंगे तथा क्षेत्र भ्रमण कर पात्र मतदाताओं से फार्म-6 भरवाने का कार्य करेंगे।
इसके अतिरिक्त, जनपद के प्रत्येक विकास खण्ड एवं नगर निकाय क्षेत्र में सर्वाधिक मतदाता वाले एक-एक मतदेय स्थल पर विशेष अभियान का शुभारम्भ जनप्रतिनिधियों के माध्यम से किया जाएगा। अभियान में ग्राम प्रधानों, कोटेदारों, बीडीसी सदस्यों तथा नगर निकायों में प्रचार वाहनों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
प्रशासन ने जनसामान्य से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का अधिकतम लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments