Breaking News

दोहरे टोल टैक्स के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (परिवर्तनवादी) ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 29 जनवरी।

तहसील पुवायां क्षेत्र की जनता पर लगाए जा रहे दोहरे टोल टैक्स के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (परिवर्तनवादी) के जिला अध्यक्ष मुकुट बिहारी यादव के नेतृत्व में जिलाधिकारी शाहजहाँपुर को एक ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में बताया गया कि शाहजहाँपुर से पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर रजऊ एवं महानन्दपुर के मध्य नव-निर्मित टोल प्लाजा से पुवायां क्षेत्र के नागरिकों में भारी असंतोष व्याप्त है। पहले से ही पुवायां–बण्डा मार्ग पर टोल टैक्स वसूला जा रहा है, ऐसे में पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल लागू होने से क्षेत्रवासियों पर दोहरे टोल टैक्स का अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा।

भारतीय किसान यूनियन ने अवगत कराया कि पुवायां–बण्डा रोड स्थित टोल टैक्स और पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग के टोल टैक्स के बीच की दूरी मात्र लगभग 25 किलोमीटर है। ऐसी स्थिति में पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग के टोल से 25 किलोमीटर के दायरे में आने वाले स्थायी निवासियों को टोल टैक्स से मुक्त रखा जाना न्यायोचित होगा।

संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि पुवायां क्षेत्र के स्थायी निवासियों एवं संगठन के पदाधिकारियों/कार्यकर्ताओं को टोल टैक्स से छूट प्रदान की जाए। चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि शासन-प्रशासन द्वारा समस्या का समाधान नहीं किया गया तो दिनांक 02 फरवरी 2026 को भारतीय किसान यूनियन (परिवर्तनवादी) आंदोलन, धरना-प्रदर्शन, भूख हड़ताल एवं अनशन करने को विवश होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।

ज्ञापन पर मुकुट बिहारी यादव (जिला अध्यक्ष) सहित संगठन के पदाधिकारियों के हस्ताक्षर अंकित रहे।



Post a Comment

0 Comments