Breaking News

नसीरपुर ग्राम पंचायत में विकास कार्यों में अनियमितताओं के आरोप, भुगतान प्रक्रिया पर उठे सवाल

 

पप्पू कुमार चौहान, रिपोर्ट

सीतापुर जनपद के सकरन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नसीरपुर अंदूपुर में विकास कार्यों और पंचायत व्यय को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने सामुदायिक शौचालय के रखरखाव और पंचायत कर्मियों के मानदेय भुगतान में नियमों की अनदेखी का मुद्दा उठाया है।

आरोप है कि ग्राम पंचायत में निर्मित सामुदायिक शौचालय, जो लंबे समय से बंद बताया जा रहा है, उसके केयरटेकर के नाम पर बिना नियमित संचालन के भुगतान दर्शाया गया। साथ ही स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) से जुड़े केयरटेकर चयन में भी निर्धारित प्रक्रिया के पालन पर प्रश्नचिह्न लगाए गए हैं।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पंचायत सहायक पद पर नियुक्त एक कर्मी, जिनके विवाह उपरांत कार्यस्थल पर नियमित उपस्थिति को लेकर संदेह व्यक्त किया जा रहा है, के नाम से भी कई माह का मानदेय आहरित किए जाने की बात सामने आई है।

स्थानीय निवासी अमित अवस्थी अंशु सहित अन्य ग्रामीणों ने एएनएम केंद्र, सामुदायिक शौचालय तथा मनरेगा से जुड़े कार्यों में भी अनियमितताओं की आशंका जताई है। उनका कहना है कि यदि अभिलेखीय जांच में भुगतान और कार्य स्थिति में अंतर पाया जाता है, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध औपचारिक शिकायत जिला प्रशासन को दी जाएगी।

मामले को लेकर ग्राम स्तर पर चर्चा तेज है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पंचायत के वित्तीय अभिलेखों, कार्य प्रगति और भुगतान विवरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। प्रशासनिक पक्ष से औपचारिक प्रतिक्रिया प्राप्त होने की प्रतीक्षा है।

Post a Comment

0 Comments