Breaking News

कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण कर जिलाधिकारी ने दिलाई भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ पुलिस लाइन में भव्य परेड, मुख्य अतिथि मा० मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने ली सलामी

 


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहांपुर, 26 जनवरी।
जनपद शाहजहांपुर में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, महापौर अर्चना वर्मा एवं जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव ने गांधी भवन स्थित महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री, सुभाष चन्द्र बोस, नगर निगम परिसर में पं. राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, ठाकुर रोशन सिंह तथा शहीद उद्यान में बाल गंगाधर तिलक की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को सम्मानित किया और जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है, जिसके लिए प्रदेश और जनपद का सर्वांगीण विकास आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में करोड़ों रुपये की विकास योजनाएं संचालित हैं, जिनमें सड़क, पुल, मंदिर सौंदर्यीकरण एवं खेल सुविधाओं का विकास प्रमुख है। कोलाघाट पर 160 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण, जलालाबाद में भगवान परशुराम मंदिर एवं रामताल का विकास तथा 50 करोड़ रुपये की सड़क परियोजना प्रगति पर है। साथ ही नक्षत्रशाला हॉकी क्लब में राष्ट्रीय स्तर का एस्ट्रो टर्फ एवं फ्लड लाइट भी स्थापित की जा रही है।


पुलिस लाइन में भव्य परेड का आयोजन

गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह पुलिस लाइन में उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना की उपस्थिति में आयोजित किया गया। मंत्री जी ने जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी के साथ ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली तथा गुब्बारे और कबूतर उड़ाकर शांति का संदेश दिया।

अपने संबोधन में मंत्री जी ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान लागू हुआ, जो विश्व का सबसे बड़ा लिखित एवं लचीला संविधान है। उन्होंने नागरिकों से अधिकारों के साथ कर्तव्यों के पालन का आह्वान करते हुए शांति, भाईचारे और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ने की अपील की।

मंत्री जी ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों, महिलाओं और युवाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, युवाओं को ब्याजमुक्त ऋण, एमएसएमई प्रोत्साहन, महिला आरक्षण एवं रोजगार सृजन जैसे कदमों से प्रदेश तीव्र गति से विकास कर रहा है।
उन्होंने पुलिस विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा परेड में शामिल पुलिसकर्मियों को 5 दिन का विशेष अवकाश देने की घोषणा की।

कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों एवं कलाकारों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर सांसद अरुण कुमार सागर, राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, विधायक सलोन कुशवाहा, ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, जिला अध्यक्ष केसी मिश्रा, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीसी राठौर, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, एसपीआरए दीक्षा भंवरे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments