Breaking News

अडानी एयरपोर्ट विस्तार से प्रभावित किसानों का धरना जारी, 19 जनवरी से भूख हड़ताल

 

धरना स्थल पर बैठे किसान

ब्यूरो रिपोर्ट: मो शोएब, लखनऊ ✍️

लखनऊ | 17 फरवरी 2026

राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद क्षेत्र में अडानी एयरपोर्ट विस्तार परियोजना से प्रभावित किसानों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। भारतीय किसान मजदूर यूनियन (दशहरी संगठन) के बैनर तले किसान 19 जनवरी 2026 से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं।

यूनियन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष यादव के नेतृत्व में किसान भूमि अधिकार, उचित मुआवजा और प्रशासनिक कार्यवाही में पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। धरना स्थल रहीमाबाद में बड़ी संख्या में प्रभावित किसान जुटे हुए हैं।

किसानों का आरोप है कि एयरपोर्ट विस्तार परियोजना के तहत उनकी जमीन का अधिग्रहण उचित प्रक्रिया के बिना किया गया और मुआवजा भी बाजार दर के अनुरूप नहीं दिया गया। साथ ही कई किसानों के भूमि अभिलेख और दस्तावेज रोके जाने की भी शिकायत सामने आई है।

आंदोलनरत किसानों की प्रमुख मांगों में बाजार दर पर पूर्ण मुआवजा, मुआवजा सीधे बैंक खातों में भेजना, लंबित भूमि अभिलेखों की उपलब्धता, कथित अवैध अधिग्रहण की उच्च स्तरीय जांच तथा विस्थापित परिवारों के पुनर्वास और रोजगार की गारंटी शामिल हैं।

किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक भूख हड़ताल और धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। वहीं प्रशासन की ओर से अब तक इस संबंध में कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।

Post a Comment

0 Comments