शाहजहाँपुर | 17 फरवरी 2026
जनपद शाहजहाँपुर के थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चकवाजीदपुर में नाबालिग के साथ मारपीट और फायरिंग का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चकवाजीदपुर निवासी विकास पुत्र जनवेद ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 14 फरवरी 2026 की शाम करीब 5 बजे वह घर पर मौजूद नहीं थे, जबकि उनका 17 वर्षीय भतीजा खेत पर कार्य कर रहा था। इसी दौरान पड़ोसी राजेन्द्र, अरविन्द और अनुज ट्रैक्टर-ट्रॉली खेत से निकालने लगे, जिसका विरोध करने पर आरोपियों ने भतीजे के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि राजेन्द्र के पास अवैध तमंचा था और उसने जान से मारने की नीयत से फायर किया, जिससे किशोर बाल-बाल बच गया। इसके बाद आरोपी उसका पीछा करते हुए घर तक पहुंचे और जबरन घर में घुसकर डंडों से मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर घटना को शांत कराया।
पीड़ित का दावा है कि घटना का वीडियो साक्ष्य भी उसके पास मौजूद है। बावजूद इसके, जब वह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा तो उसकी सुनवाई नहीं हुई।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि आरोपियों से उनकी जान-माल को खतरा है और कभी भी कोई गंभीर घटना हो सकती है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले में तत्काल रिपोर्ट दर्ज कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शाहजहांपुर
0 Comments