स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 28 फरवरी 2026। होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जनपद में व्यापक अभियान चलाया गया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश तथा जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह के आदेश पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश मिश्रा के निर्देशन में सहायक आयुक्त (खाद्य)-II/अभिहित अधिकारी चन्द्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में टीम ने 20 फरवरी से 28 फरवरी तक लगातार छापेमारी और सैंपलिंग की कार्रवाई की।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वागीश मणि त्रिपाठी की टीम द्वारा जैन मार्केट केरूगंज में लगभग 4 कुन्तल खराब कचरी और पापड़ नष्ट कराए गए। तिकुनिया चौराहा (तहसील पुवायां) से मिश्रित दूध, बेसन और रंगीन कचरी के नमूने लिए गए तथा लगभग 2 कुन्तल रंगीन कचरी सीज की गई।
राज्य स्तरीय सचल दल द्वारा जमौर स्थित केसी एडिबल ऑयल तथा गाड़ी गाडीपुरा स्थित गर्ग एडिबल ऑयल प्रतिष्ठानों से विभिन्न खाद्य तेलों के नमूने लेकर लगभग 894 लीटर तेल (अनुमानित मूल्य ₹1,41,260) सीज किया गया।
कलान क्षेत्र में राघव एजेंसीज से राइस ब्रान ऑयल व सरसों तेल के नमूने लिए गए तथा एक्सपायरी नमकीन (लगभग 110 किग्रा, मूल्य ₹20,000) और 25 पेटी नूडल्स (मूल्य ₹5,000) नष्ट कराए गए। तिलहर, कटरा जलालाबाद व अन्य स्थानों से भी तेल, बेसन, हल्दी पाउडर, बूंदी आदि के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए।
नगरिया मोड़ के पास महिन्द्रा पिकअप वाहन से लगभग 1 कुन्तल खराब खोया (मूल्य ₹25,000) नष्ट कराया गया तथा तीन नमूने लिए गए। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट के गोविन्दगंज स्थित स्टोर से पनीर, कॉफी पाउडर व घी के नमूने संग्रहित किए गए।
दुर्गेश डेयरी सहित अन्य प्रतिष्ठानों से खोया, पनीर और घी के नमूने लिए गए तथा अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में निर्माण पाए जाने पर सुधार नोटिस जारी किया गया। महिला थाना क्षेत्र के निकट एक मिठाई निर्माण स्थल से लगभग 60 किग्रा बर्फी, छेना, गुलाब जामुन व रसगुल्ला (मूल्य लगभग ₹18,000) नष्ट कराया गया।
पुवायां, खुदागंज व अन्य क्षेत्रों से भी नमूने संग्रहित किए गए। कुल मिलाकर 29 खाद्य नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि जनपदवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
— खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, शाहजहाँपुर
0 Comments