Breaking News

बरौली पुलिया पर आधी रात का घेराबंदी… फायरिंग के बाद ऐसे दबोचा गया ‘शेरू’

 

ब्यूरो रिपोर्ट रिज़वान अली लखनऊ ✍️ 

लखनऊ के थाना पीजीआई क्षेत्र में पुलिस और शातिर चैन स्नैचर के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई, जिसमें वांछित अभियुक्त विवेक कुमार यादव उर्फ शेरू यादव घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, बरौली पुलिया क्षेत्र में संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन खुद को घिरता देख अभियुक्त ने अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल, 315 बोर का देशी तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, पीली धातु की चेन, मोबाइल फोन और ₹1700 नकद बरामद किए गए हैं।

यह कार्रवाई 17 फरवरी को दर्ज चैन स्नैचिंग की घटना के खुलासे से जुड़ी है, जिसमें एक महिला के गले से चेन छीनकर आरोपी फरार हो गया था। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की।

पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने बाइक की किस्त चुकाने के लिए सुनसान जगह पर महिला से झपट्टा मारकर चेन छीनी थी और भविष्य में भी ऐसी वारदात करने की योजना बना रहा था।

पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल आरोपी को उपचार के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments