स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 26 फरवरी। आगामी होली पर्व एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से थाना कटरा क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त की गई। यह गश्त पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) द्वारा क्षेत्राधिकारी तिलहर एवं थाना कटरा पुलिस बल के साथ की गई।
पैदल गश्त के दौरान प्रमुख बाजारों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, संवेदनशील क्षेत्रों एवं मिश्रित आबादी वाले इलाकों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने आमजन, व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
इस दौरान लोगों को असामाजिक तत्वों पर नजर रखने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या अफवाहपूर्ण सामग्री प्रसारित न करने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, गश्त बढ़ाने एवं प्रभावी चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 या नजदीकी थाना पुलिस से संपर्क कर सहयोग करें। शाहजहाँपुर पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए वह पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।
लखनऊ
0 Comments