ब्यूरो रिपोर्ट आशीष कुमार लखनऊ ✍️
लखनऊ, 27 फरवरी। राजधानी के सरोजनीनगर क्षेत्र स्थित किसान पथ (रिंग रोड) पर पिपरसंड रोड फ्लाइओवर अंडरपास सर्विस लेन में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिपरसंड गांव निवासी सत्यम सिंह (पुत्र धर्मेंद्र सिंह उर्फ बबलू) अपनी स्कूटी से जा रहे थे, तभी एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी और काफी दूर तक घसीटता ले गया। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि पहले इस स्थान पर स्पीड ब्रेकर बना हुआ था, जिसे बाद में हटा दिया गया। ब्रेकर हटने के बाद से यहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आसपास के लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना के करीब एक घंटे बाद तक भी दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने के लिए कोई हाइड्रा नहीं पहुंची, जिससे यातायात प्रभावित रहा और लोगों में आक्रोश और बढ़ गया।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
0 Comments