जनपद – शाहजहाँपुर | दिनांक – 20.02.2026
आगामी होली पर्व के मद्देनज़र जनपद में शांति, सौहार्द एवं सुदृढ़ कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी तिलहर द्वारा थाना खुदागंज क्षेत्र में होली जुलूस मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जुलूस मार्ग पर पड़ने वाले प्रमुख चौराहों, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों, धार्मिक स्थलों तथा भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों का गहन अवलोकन कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। संबंधित प्रभारी निरीक्षक को निर्देश दिए गए कि जुलूस के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था का सुचारु संचालन तथा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही जुलूस की वीडियोग्राफी कराने, आयोजकों एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों के साथ समन्वय बनाए रखने तथा अफवाहों पर नियंत्रण रखने के निर्देश भी दिए गए। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।
क्षेत्राधिकारी तिलहर ने पुलिस टीम को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान लगातार गश्त, फ्लैग मार्च एवं पीआरवी की सक्रियता बनाए रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि होली का त्योहार आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय पुलिस या डायल 112 पर संपर्क करें।
शाहजहांपुर
0 Comments