स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
शाहजहाँपुर।
मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (DCC) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2026–27 के लिए जनपद की वार्षिक ऋण योजना (Annual Credit Plan) पर चर्चा करते हुए कुल ₹14,802.53 करोड़ के बजट को अनुमोदित किया गया।
बैठक में बताया गया कि प्रस्तावित बजट में कृषि क्षेत्र के लिए ₹8,948.29 करोड़ तथा लघु एवं मध्यम उद्योग क्षेत्र के लिए ₹3,684 करोड़ का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 28.38 प्रतिशत अधिक है।
मुख्य विकास अधिकारी ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी बैंकों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही मत्स्य पालन और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन कर योजनाओं का लाभ जल्द उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में जनपद का सीडी रेशियो 85.81 प्रतिशत होने पर संतोष व्यक्त किया गया। भारतीय रिजर्व बैंक लखनऊ से उपस्थित प्रतिनिधि नम्रता किरन मेहता ने भी जनपद में बैंकिंग कार्यों की प्रगति की सराहना की।
इस दौरान कम सीडी रेशियो वाले बैंकों, विशेष रूप से यूबीआई, इंडसइंड बैंक और यस बैंक को अपने सीडी रेशियो में सुधार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, भारतीय रिजर्व बैंक की एलडीओ नम्रता किरन, नाबार्ड के डीडीएम प्रवेश कुमार गंगवार, अग्रणी जिला प्रबंधक आर.आर. तिवारी, सहायक अग्रणी जिला प्रबंधक रवि शर्मा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार, सहायक निदेशक मत्स्य पूरनलाल, उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र संजय कुमार सिंह, पीओ नेडा राम आधार सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
0 Comments