Breaking News

उज्ज्वला योजना के तहत 1.86 करोड़ लाभार्थियों को गैस रिफिल सब्सिडी, शाहजहाँपुर में कार्यक्रम आयोजित

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

जनपद शाहजहाँपुर में 28 फरवरी को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश स्तर पर कार्यक्रम का शुभारंभ योगी आदित्यनाथ द्वारा लोक भवन, लखनऊ से किया गया, जहां 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि 1.86 करोड़ पात्र लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई।

इसी क्रम में शाहजहाँपुर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद मिथिलेश कठेरिया, ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह तथा वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के मंत्री जितिन प्रसाद के प्रतिनिधि विनीत कुमार मिश्रा सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया तथा लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीबों के कल्याण, सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और समृद्धि की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना गरीब परिवारों, विशेषकर महिलाओं के लिए एक महत्वाकांक्षी योजना है। प्रदेश में 1.86 करोड़ लाभार्थियों के खातों में गैस रिफिल सब्सिडी की धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई है। उन्होंने बताया कि देशभर में 10 करोड़ से अधिक परिवार इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। साथ ही आयुष्मान योजना के तहत गोल्डन कार्ड के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम हेतु टीकाकरण की व्यवस्था पर भी प्रकाश डाला गया।

ददरौल विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा होली एवं दीपावली जैसे पर्वों पर निःशुल्क गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, राशन वितरण तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र व्यक्तियों को दिया जा रहा है। वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में सड़क, बिजली, शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में तीव्र गति से विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने लोगों से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने और बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद के 3.62 लाख लाभार्थियों को योजना का लाभ प्राप्त हुआ है। प्रत्येक लाभार्थी के खाते में 553.83 रुपये की सब्सिडी धनराशि प्रेषित की गई है। उन्होंने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया तथा सभी को होली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य), अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन चंद्रशेखर मिश्र, आपूर्ति अधिकारी चमन शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments