Breaking News

जनगणना 2027 हेतु त्रिदिवसीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर। भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत सेंट पॉल इंटर कॉलेज में त्रिदिवसीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जनपद में कुल 104 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जाना प्रस्तावित है।

प्रथम चरण में 40-40 प्रशिक्षुओं के दो बैचों को 20, 21 एवं 22 मार्च तक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जबकि द्वितीय चरण में शेष 24 प्रशिक्षुओं को 23, 24 एवं 25 मार्च को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे प्राप्त आंकड़े विभिन्न मंत्रालयों द्वारा नीतिगत योजना निर्माण, विकास कार्यों की रूपरेखा तय करने तथा सामाजिक, आर्थिक एवं भौगोलिक संरचनाओं के आकलन में उपयोग किए जाते हैं। यह प्रक्रिया पूर्णतः डोर-टू-डोर पद्धति से संपन्न की जाएगी, जिससे कोई भी व्यक्ति या परिवार गणना से वंचित न रहे।

प्रशिक्षण सत्र में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार ने प्रतिभागियों को जनगणना से संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य अत्यंत सावधानी और जिम्मेदारी के साथ किया जाए तथा कोई भी भू-भाग, भवन या संरचना गणना से छूटने न पाए।

उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना का कार्य डिजिटल माध्यम से गूगल मैप्स के सहयोग से किया जाएगा तथा एचएलबी के माध्यम से सभी क्षेत्रों का पूर्ण कवरेज सुनिश्चित किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान 34 प्रकार की प्रश्नावली के विकल्पों को विस्तार से समझाया जा रहा है, ताकि डाटा संकलन में एकरूपता और शुद्धता बनी रहे।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में फील्ड ट्रेनर के रूप में एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (ART) एवं सहायक शिक्षक (AT) प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जनगणना कार्य के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Post a Comment

0 Comments