Breaking News

बाल अधिकारों की सुरक्षा को लेकर शाहजहांपुर में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर। जनपद में बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा एवं उनके हितों से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर व्यापक चर्चा के लिए 28 फरवरी 2026 को विकास भवन सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता संजीव कुमार शर्मा, सदस्य सचिव, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा की गई।

बैठक का शुभारंभ जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्रा द्वारा माननीय सदस्य सचिव की अनुमति से किया गया। इस दौरान जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए बच्चों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

बैठक में पॉक्सो (POCSO) मामलों से संबंधित कई अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। पीड़िताओं के बयान दर्ज करने में आने वाली कठिनाइयों, मेडिकल परीक्षण में हो रही देरी तथा प्रक्रिया को अधिक संवेदनशील और सरल बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। साथ ही थानों में तैनात बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों (CWPO) के प्रशिक्षण को नियमित एवं प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अतिरिक्त बच्चों को सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखने हेतु जागरूकता कार्यक्रम चलाने, मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए काउंसलिंग एवं मनोवैज्ञानिक सहयोग को मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक के दौरान सदस्य सचिव ने निर्देशित किया कि बाल संरक्षण से जुड़े सभी मामलों में संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए, जिससे बच्चों के अधिकारों की प्रभावी सुरक्षा हो सके। उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के भी निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसपी सिटी देवेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ वीके मिश्रा, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी, बाल कल्याण समिति एवं किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य तथा महिला कल्याण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक का समापन बाल अधिकारों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संकल्प के साथ किया गया।

Post a Comment

0 Comments