शाहजहांपुर, 08 अप्रैल। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में समाज कल्याण, महिला कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 15 अप्रैल को विकासखंड कलान एवं 22 अप्रैल को विकासखंड तिलहर में पेंशन शिविर आयोजित किए जाएं। इन शिविरों में वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांगजन पेंशन से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जाएगा। साथ ही नई पेंशन स्वीकृत की जाएगी और दिव्यांगजन प्रमाण पत्र भी बनाए जाएंगे।
उन्होंने पीड़ित महिलाओं को दी जाने वाली आर्थिक सहायता के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जांच के बाद पात्र महिलाओं को ही सहायता प्रदान की जाए। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत लंबित आवेदनों की जांच उपजिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारियों से कराते हुए, आगामी लक्ष्य मिलने पर पहले लंबित मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
छात्रावासों में रह रहे विद्यार्थियों की सुविधाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने प्रेरणा कैंटीन एवं आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संचालित करने के निर्देश दिए। अभ्युदय कोचिंग की समीक्षा में शिक्षकों की मासिक उपस्थिति एवं पढ़ाए गए घंटों का विवरण उपलब्ध कराने को कहा गया।
महिला कल्याण विभाग को निर्देशित किया गया कि विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों की सफलता की कहानियों का प्रचार-प्रसार किया जाए। वहीं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अंतर्गत छात्रवृत्ति, ट्रिपल सी एवं ओ-लेवल योजनाओं की समीक्षा करते हुए चयनित कोचिंग संस्थानों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, जिला विकास अधिकारी ऋषि पाल सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
0 Comments