पत्र सूचना शाखा | सूचना एवं जनसंपर्क विभाग
आयुष (AYUSH) के अन्तर्गत आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, होम्योपैथी तथा सिद्ध पद्धतियां न केवल बीमारियों का इलाज कर रही हैं, बल्कि जीवन शैली को संतुलित कर स्वास्थ्य की रक्षा भी कर रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में वर्ष 2017 में आयुष विभाग के पुनर्गठन के बाद से प्रदेश में पारंपरिक चिकित्सा को नई पहचान मिली है।
वर्तमान में उत्तर प्रदेश में 3,950 आयुष चिकित्सालय (2111 आयुर्वेदिक, 254 यूनानी एवं 1,585 होम्योपैथिक) संचालित हैं। इसके अतिरिक्त 19 आयुष महाविद्यालय और उनसे सम्बद्ध अस्पताल ग्रामीण व शहरी जनता को सेवा दे रहे हैं। गोरखपुर में स्थापित महायोगी गुरू गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय प्रदेश में आयुर्वेद शिक्षा और अनुसंधान का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है।
प्रदेश के 16 जनपदों में संचालित 50 शैय्या एकीकृत आयुष चिकित्सालयों में वर्ष 2024-25 में 6.70 लाख मरीजों ने लाभ उठाया। विशेष रूप से पंचकर्म सुविधा का लाभ 59,354 मरीजों ने लिया, जबकि 29,818 लैब टेस्ट और 447 माइनर सर्जरी भी संपन्न हुई हैं। श्रावस्ती, हरदोई, गोरखपुर समेत 6 जनपदों में नए चिकित्सालयों का निर्माण युद्धस्तर पर जारी है।
'आयुष्मान भारत' योजना के तहत 1034 चिकित्सालयों को आयुष आरोग्य मंदिर (हेल्थ वेलनेस सेण्टर) के रूप में विकसित किया गया है। साथ ही 225 योग वेलनेस सेंटरों के माध्यम से मधुमेह, उच्च रक्तचाप और तनाव जैसे रोगों का उपचार योग और प्राकृतिक पद्धतियों से किया जा रहा है।
• लखनऊ के कॉलेजों में 3-डी एनाटोमेज टेबल की स्थापना का लक्ष्य।
• 17 महाविद्यालयों के 51 क्लास रूम को स्मार्ट क्लास में बदला जा रहा है।
• औषधि आपूर्ति हेतु लखनऊ एवं पीलीभीत में राजकीय औषधि निर्माणशालाएं कार्यरत हैं।
अयोध्या में आयुर्वेद, बरेली में यूनानी और वाराणसी में राजकीय होम्योपैथिक महाविद्यालय की स्थापना आयुष विधा को सुदृढ़ करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है। जौनपुर और लखनऊ में भी नए एकीकृत आयुष चिकित्सालयों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जो भविष्य में प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत करेंगे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments