लखनऊ: राजधानी के पूर्वी जोन के अंतर्गत थाना विकासनगर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोपी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
प्रेस नोट संख्या-567 के अनुसार, यह मामला 20 दिसंबर 2025 को दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के प्रार्थना पत्र के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध मु0अ0सं0 189/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 और 351(2) के अंतर्गत मामला पंजीकृत हुआ था।
विवेचना अधिकारी उ0नि0 अतुल कुमार द्वारा साक्ष्य संकलन के दौरान पाया गया कि अभियुक्त अजीत कुमार मौर्या के विरुद्ध अपराध कारित करने के पुख्ता और ग्राह्य साक्ष्य मौजूद हैं। आज दिनांक 08 अप्रैल 2026 को पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और जमीनी सूचना तंत्र की मदद से अभियुक्त को समर्पण हॉस्पिटल, देवा रोड (थाना चिनहट क्षेत्र) के पास से नियमानुसार गिरफ्तार किया।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, अभियुक्त अजीत कुमार मौर्या पीड़िता के साथ रहता था। आरोपी द्वारा पीड़िता को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित किया गया, जिसके कारण पीड़िता ने आत्मघाती कदम उठाते हुए अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली थी।
गिरफ्तार अभियुक्त को पुलिस टीम द्वारा माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय ने अभियुक्त की न्यायिक अभिरक्षा रिमांड स्वीकृत करते हुए उसे जिला कारागार लखनऊ भेजने के आदेश दिए हैं।
#LucknowPolice #VikasNagar #ArrestUpdate #BNS2023 #JusticeForVictim #UPPolice #CrimeNewsLucknow #SachKiAwaz
0 Comments