स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
शाहजहांपुर, 08 अप्रैल 2026। जिला निर्वाचन अधिकारी (नगर निकाय) द्वारा नगर पंचायत के रिक्त अध्यक्ष पद पर उपचुनाव कराने के लिए विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। यह उपचुनाव राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश की अधिसूचना के क्रम में निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संपन्न कराया जाएगा।
जारी कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र 10 अप्रैल से 16 अप्रैल 2026 तक पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक प्राप्त किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 18 अप्रैल को होगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 20 अप्रैल निर्धारित की गई है।
प्रतीक आवंटन 21 अप्रैल को किया जाएगा। मतदान 05 मई 2026 को प्रातः 7:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक संपन्न होगा। मतगणना 07 मई 2026 को प्रातः 8:00 बजे से प्रारंभ होगी।
उपचुनाव से संबंधित सभी प्रक्रियाएं तहसील मुख्यालय तिलहर पर निर्वाचन अधिकारी एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में संपन्न कराई जाएंगी।
निर्वाचन अधिकारी द्वारा 10 अप्रैल को सार्वजनिक नोटिस जारी किया जाएगा, जिसके साथ ही नामांकन पत्रों की बिक्री भी प्रारंभ हो जाएगी। साथ ही इस कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंच सके।
उपचुनाव की समस्त प्रक्रिया उत्तर प्रदेश नगर पालिका निर्वाचन नियमावली 2010 के प्रावधानों के अंतर्गत संपन्न कराई जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के दौरान पड़ने वाले सभी सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे और नियमानुसार कार्यवाही जारी रहेगी।
0 Comments