Breaking News

10 साल से बदहाल खानपुर–पतरासा मार्ग, 20 से अधिक गांवों के हजारों लोग परेशान

 

✍️ ब्यूरो चीफ अमित गुप्ता सीतापुर

15 किलोमीटर सड़क गड्ढों में तब्दील, बरसात में आवागमन हुआ मुश्किल

सीतापुर। विकास खंड सकरन का खानपुर–पतरासा मार्ग पिछले करीब 10 वर्षों से बदहाल स्थिति में है। लगभग 15 किलोमीटर लंबे इस मार्ग से प्रतिदिन 20 से अधिक गांवों के हजारों ग्रामीण आवागमन करते हैं, लेकिन लगातार शिकायतों के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं हो सकी।

यह मार्ग सकरन–बिसवां मार्ग को रेउसा–तंबौर मार्ग से जोड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह सड़क लहरपुर और रेउसा दो विधानसभा क्षेत्रों में पड़ने के कारण किसी भी जनप्रतिनिधि की प्राथमिकता में नहीं है।

खानपुर, लहसड़ा, बोहरा, डिगिहा, रुद्रपुर, लंघनिया, पर्वतपुर, बेलवा, सुकेठा, जालिमपुर, बरबटा, हरीपुर समेत 20 से अधिक गांवों के लोग इसी मार्ग से जिला मुख्यालय, तहसील, ब्लॉक, अस्पताल और शिक्षण संस्थानों तक पहुंचते हैं। शाहपुर, सांडा और तंबौर के विद्यालयों एवं कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को भी इसी मार्ग का सहारा लेना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, कीचड़ और जलभराव के कारण वाहन चलाना बेहद कठिन हो गया है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

ग्रामीण अनिल यादव, विकास मिश्र, मनोज कुमार, गुड्डू, महादेव और सियाराम सहित अन्य लोगों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि खानपुर–पतरासा मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि हजारों लोगों को राहत मिल सके।

सच की आवाज वेब न्यूज़
डिजिटल भारत की नई आवाज

Post a Comment

0 Comments