Breaking News

विश्व युवा कौशल दिवस पर 14 जुलाई को शाहजहाँपुर में लगेगा जनपद स्तरीय रोजगार मेला

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 14 जुलाई 2026 को प्रातः 11:00 बजे राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर, शाहजहाँपुर में जनपद स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित इस रोजगार मेले में कौशल विकास मिशन, सेवायोजन विभाग तथा विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सहभागिता रहेगी। मेले के सफल संचालन के लिए प्रधानाचार्य/जिला समन्वयक, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन को नोडल अधिकारी तथा जिला सेवायोजन अधिकारी को सह-नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

रोजगार मेले में विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधि, आईटीआई एवं कौशल विकास केंद्रों से प्रशिक्षित अभ्यर्थी, एसएसडीएफ, डीडीयू-जीकेवाई, प्रोजेक्ट प्रवीण सहित अन्य योजनाओं के प्रशिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियाँ प्रतिभाग करेंगे। साथ ही, जीरो पॉवर्टी उत्तर प्रदेश अभियान के तहत चिन्हित युवाओं एवं दिव्यांगजन अभ्यर्थियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न निजी कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। आयोजन के उपरांत नियुक्ति प्राप्त अभ्यर्थियों का विवरण उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन को भेजा जाएगा।

जिला प्रशासन ने जनपद के सभी पात्र एवं इच्छुक युवक-युवतियों से अपील की है कि वे अपने आवश्यक शैक्षिक प्रमाण-पत्र, बायोडाटा एवं पहचान पत्र के साथ समय से रोजगार मेले में पहुंचकर अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करें।

Post a Comment

0 Comments