Breaking News

शाहजहाँपुर पुलिस का जनशिकायत निस्तारण अभियान तेज, एक ही दिन में 21 शिकायतों का मौके पर समाधान

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 13 जुलाई। जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को 21 शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण किया गया।

आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान के लिए चलाए जा रहे इस अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) द्वारा की जा रही है। अभियान के अंतर्गत सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के घर या घटनास्थल पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतों का समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।

पुलिस विभाग के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी प्रतिदिन अपने सर्किल में कम से कम एक तथा प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण कर रहे हैं। इसी क्रम में 13 जुलाई 2026 को जनपद के विभिन्न थानों में प्राप्त शिकायतों में से कुल 21 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने या पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत देना है। शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण करने के साथ दोनों पक्षों से फीडबैक लेकर निष्पक्ष एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

शाहजहाँपुर पुलिस ने कहा कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि आमजन को त्वरित न्याय और बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सके।

शाहजहाँपुर पुलिस का संदेश:
"सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा"

Post a Comment

0 Comments