स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ एवं डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, बैग एवं स्टेशनरी के लिए प्रति छात्र-छात्रा ₹1200 की धनराशि वितरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बुधवार को गन्ना शोध परिषद, शाहजहाँपुर में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार, ददरौल विधायक अरविंद सिंह, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में 6,542 शिक्षक, 3,782 शिक्षामित्र, 666 अनुदेशक, 7,625 रसोइया, 51 विशेष शिक्षा शिक्षक तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के 130 शिक्षक सहित कुल 18,806 शिक्षाकर्मी मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना से लाभान्वित हुए हैं।
उन्होंने बताया कि डीबीटी के माध्यम से जनपद के छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के खातों में 26.5 करोड़ रुपये की धनराशि भेजी जा रही है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि इस धनराशि का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के लिए ही सुनिश्चित कराया जाए।
मुख्य अतिथि वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि शिक्षकों का स्वस्थ रहना शिक्षा व्यवस्था के लिए अत्यंत आवश्यक है। मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना से शिक्षकों एवं उनके परिवारों को इम्पैनल्ड अस्पतालों में बेहतर उपचार की सुविधा मिलेगी और उनकी चिकित्सा संबंधी चिंताएं कम होंगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों में लगातार सुधार कर रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और अलंकार योजना के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता की अपील भी की।
राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार ने योजना को शिक्षा विभाग से जुड़े हजारों परिवारों के लिए लाभकारी बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान सुशील गुप्ता, राजकुमार तिवारी, विनायक मिश्रा एवं मगरे लाल को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड प्रदान किए गए। जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह के रूप में हनुमान जी की प्रतिमा भेंट की तथा उपस्थित अतिथियों को पौधे देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक अवधेश राम, जिला विद्यालय निरीक्षक हरवंश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता सहित शिक्षा विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments