Breaking News

₹26.33 करोड़ की लागत से बन रहे अत्याधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम का डीएम ने किया निरीक्षण, 19 जुलाई को होगा लोकार्पण

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। जनपद के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगभग ₹26.33 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन अत्याधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम का जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सबसे पहले जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन तरणताल (स्विमिंग पूल) का निरीक्षण किया। उन्होंने पूल में पानी की गहराई का स्पष्ट अंकन, सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन तथा परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला क्रीड़ा अधिकारी को एक पुरुष एवं एक महिला तैराकी प्रशिक्षक तथा एक लाइफ गार्ड की मानदेय पर नियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा।

इसके बाद उन्होंने बैडमिंटन हॉल, कबड्डी हॉल एवं 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का निरीक्षण कर शेष निर्माण कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने 19 जुलाई को प्रस्तावित वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना द्वारा होने वाले लोकार्पण एवं उद्घाटन कार्यक्रम को देखते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्घाटन से पहले स्टेडियम की सभी खेल सुविधाएं पूरी तरह तैयार, सुरक्षित एवं उपयोग के लिए उपयुक्त होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि यह अत्याधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम शाहजहाँपुर के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, जिससे उन्हें बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा और वे प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने इसे जनपद की खेल प्रतिभाओं को नई दिशा और नई उड़ान देने वाली महत्वपूर्ण परियोजना बताया।

निरीक्षण के दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी एस.पी. बामनिया, उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड के एपीएम श्याम, यूपी सिडको के सहायक अभियंता परवेज आलम, जूनियर इंजीनियर अग्रसेन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments