ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद, लखनऊ के निर्देशानुसार मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी) एवं आलिम (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षा-2026 में अधिकतम दो विषयों में अनुत्तीर्ण अथवा अनुपस्थित रहे परीक्षार्थियों के लिए कम्पार्टमेंट परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन संबंधित मदरसों के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए मुंशी/मौलवी संस्थागत अभ्यर्थियों से प्रति विषय ₹200, व्यक्तिगत अभ्यर्थियों से ₹250, जबकि आलिम संस्थागत अभ्यर्थियों से ₹250 तथा व्यक्तिगत अभ्यर्थियों से ₹300 परीक्षा शुल्क निर्धारित किया गया है। शुल्क ट्रेजरी चालान के माध्यम से जमा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ट्रेजरी चालान जमा करने की अंतिम तिथि 28 जुलाई 2026, ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 जुलाई 2026, संबंधित मदरसों द्वारा पूर्ण आवेदन पत्र जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि 03 अगस्त 2026 तथा जिला स्तर से आवेदन अग्रसारित एवं लॉक करने की अंतिम तिथि 07 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित शुल्क से कम राशि जमा करने, आवेदन अपूर्ण होने अथवा अंतिम तिथि के बाद आवेदन प्रस्तुत किए जाने पर आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा। आवेदन संबंधित मदरसे में ही जमा किए जाएंगे, जिन्हें मदरसा प्रबंधन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अग्रसारित करेगा।
उन्होंने बताया कि कम्पार्टमेंट परीक्षा केवल लिखित परीक्षा होगी तथा इसमें केवल वही परीक्षार्थी आवेदन कर सकेंगे जो अधिकतम दो विषयों में अनुत्तीर्ण अथवा अनुपस्थित रहे हैं। परीक्षा की तिथि एवं अन्य आवश्यक निर्देश बाद में अलग से जारी किए जाएंगे।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने जनपद के सभी मदरसा प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों से अपील की है कि वे पात्र विद्यार्थियों का समय से आवेदन कराकर पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण कराने में सहयोग करें।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments