ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, सुरक्षित यातायात व्यवस्था विकसित करने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में जनपद में विशेष वन-डे सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई, वहीं नियमों का पालन करने वालों को गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया गया।
अभियान के तहत मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शिव नारायण सिंह, उप जिलाधिकारी बलरामपुर हेमंत गुप्ता, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बृजेश यादव सहित सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी प्रमुख चौराहों पर मौजूद रहे और लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया।
अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। साथ ही वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की भी सलाह दी गई।
वीर विनय चौक सहित जनपद के विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, बीमा एवं प्रदूषण प्रमाण-पत्र की जांच की गई। जिन वाहन चालकों के सभी दस्तावेज सही पाए गए और जो यातायात नियमों का पालन करते मिले, उन्हें गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया।
अभियान के दौरान 53 वाहनों को सीज, 437 वाहनों का चालान किया गया तथा ₹8,17,500 का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने कार्रवाई के साथ वाहन चालकों को भविष्य में नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति भी जागरूक किया।
प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। साथ ही स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए इस प्रकार के जनजागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments