Breaking News

कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 07 जुलाई 2026। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में अधिकारियों एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बिजली विभाग को कांवड़ मार्ग पर ढीले विद्युत तारों को दुरुस्त करने, खुले ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा विद्युत पोलों पर सुरक्षा कवर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर प्रस्तावित सभी कार्य 25 जुलाई तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएं।

बैठक में निर्देश दिए गए कि अल्लागंज, जलालाबाद, कांट, बरेली मोड़, हथौड़ा एवं जरियनपुर में कांवड़ शिविर स्थापित किए जाएं, जहां श्रद्धालुओं के लिए बैठने, विश्राम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम तथा भजन-कीर्तन की समुचित व्यवस्था उपलब्ध हो।

डीएम ने नगर निकायों को यात्रा मार्गों एवं विश्राम स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने, कूड़े का तत्काल निस्तारण कराने, तुलसी के पौधे लगाने तथा पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक 7 से 8 किलोमीटर पर रैन बसेरा, शौचालय, स्नानघर, चेंजिंग रूम एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग को आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक चिकित्सा शिविर लगाने, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्रमुख स्थानों पर एंबुलेंस तैनात रखने के निर्देश दिए गए। वहीं यात्रा मार्ग पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम एवं धार्मिक संगीत की व्यवस्था कर श्रद्धामय वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग को यात्रा मार्ग पर संचालित सभी होटल, ढाबों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करने, दुकानदारों के लिए पहचान पत्र एवं नाम प्रदर्शित करना अनिवार्य कराने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

लोक निर्माण विभाग को सड़क किनारे पेड़ों की आवश्यक छंटाई कर मार्ग को सुरक्षित एवं बाधारहित बनाने तथा प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments