Breaking News

सकरन थाना समाधान दिवस में 34 शिकायतें, सिर्फ 3 का मौके पर निस्तारण

 

ब्यूरो चीफ अमित गुप्ता, सीतापुर ✍️

अनुपस्थित लेखपाल का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश, समाधान दिवस में सोते रहे लेखपाल पर कार्रवाई न होने से उठे सवाल

सकरन (सीतापुर)। सकरन थाना परिसर में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 34 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष 31 शिकायतें जांच एवं निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेजी गईं।

प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 21, ग्राम पंचायत विकास की 7, आपूर्ति विभाग की 3 और बिजली विभाग की 3 शिकायतें शामिल रहीं। जिलाधिकारी ने शिकायती पत्रों को निस्तारण के लिए उप जिलाधिकारी बिसवां आकांक्षा गौतम को सौंपा। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में अनुपस्थित पाए गए मानिकोडा के लेखपाल अजय प्रताप का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए। वहीं, रिपोर्ट के अनुसार समाधान दिवस के दौरान महाराजनगर के लेखपाल ब्रजेश सोते नजर आए, लेकिन उनके विरुद्ध किसी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई। इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं।

इस दौरान सीओ बिसवां हर्षित चौहान, थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, क्षेत्रीय लेखपाल, पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments