Breaking News

‘एक जनपद एक व्यंजन’ योजना में उद्यमियों को मिलेगा वित्तीय सहयोग, ₹50 लाख तक सहायता का प्रावधान

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️ 

शाहजहाँपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की ‘एक जनपद एक व्यंजन वित्त पोषण सहायता योजना’ के तहत शाहजहाँपुर में चयनित लौज की बर्फी, गुड़, खुरचन और समोसा से जुड़े उद्योग, सेवा एवं व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए उद्यमियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। नए उद्यम स्थापित करने के इच्छुक व्यक्ति भी योजना का लाभ ले सकेंगे।

योजना के लिए आवेदन पर ऑनलाइन किए जाएंगे। आवेदक की आयु कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए, जबकि किसी शैक्षिक योग्यता की अनिवार्यता नहीं है। आवेदक बैंक, वित्तीय संस्था या सरकारी संस्था का डिफाल्टर नहीं होना चाहिए।

योजना के तहत परियोजना लागत के आधार पर मार्जिन मनी सहायता दी जाएगी। ₹25 लाख तक की परियोजना पर 25 प्रतिशत या अधिकतम ₹6.25 लाख, ₹25 से ₹50 लाख तक 20 प्रतिशत या ₹6.25 लाख, ₹50 लाख से ₹1.50 करोड़ तक 10 प्रतिशत या ₹10 लाख तथा ₹1.50 करोड़ से अधिक की परियोजना पर 10 प्रतिशत अथवा अधिकतम ₹50 लाख तक सहायता का प्रावधान है।

सामान्य श्रेणी के लाभार्थियों को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत स्वयं का अंशदान देना होगा। अनुसूचित जाति/जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, ट्रांसजेंडर, महिला एवं दिव्यांगजन लाभार्थियों के लिए स्वयं का अंशदान 5 प्रतिशत निर्धारित किया गया है।

स्वीकृत मार्जिन मनी को उद्यम के सफल संचालन के दो वर्ष बाद अनुदान के रूप में बैंक ऋण में समायोजित किया जाएगा। एक परिवार के केवल एक सदस्य को योजना का लाभ मिलेगा और पूर्व में किसी अन्य सरकारी स्वरोजगार योजना का लाभ ले चुके आवेदक पात्र नहीं होंगे।

अधिक जानकारी के लिए उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, शाहजहाँपुर से कार्यदिवस में संपर्क किया जा सकता है। दूरभाष: 9548515974।

Post a Comment

0 Comments