Breaking News

शाहजहाँपुर पुलिस ने 37 जनशिकायतों का मौके पर किया निस्तारण, आईजीआरएस अभियान में तेजी

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में जनपद शाहजहाँपुर में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को 37 शिकायतों का मौके पर पहुंचकर निस्तारण किया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में संचालित इस अभियान के तहत समस्त क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी स्वयं शिकायतकर्ताओं के घर एवं घटनास्थल पर पहुंचकर शिकायतों की जांच कर उनका समाधान कर रहे हैं। अभियान के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) को बनाया गया है।

पुलिस विभाग के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल में प्रतिदिन कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी अपने थाना क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर पहुंचकर शिकायतों का मौके पर निस्तारण सुनिश्चित कर रहे हैं।

09 जुलाई 2026 को विशेष अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थानों में प्राप्त शिकायतों में से कुल 37 शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर समाधान किया गया।

शाहजहाँपुर पुलिस का कहना है कि इस व्यवस्था से शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाना या पुलिस कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पुलिस स्वयं मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से बातचीत, स्थलीय निरीक्षण एवं फीडबैक के आधार पर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कर रही है।

Post a Comment

0 Comments