Breaking News

व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश, डीएम ने व्यापार बंधु समिति की बैठक में दिए अहम निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिला स्तरीय व्यापार बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान दुर्गा एन्क्लेव स्टेट कॉलोनी के सामने नाला निर्माण की मांग पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे शहर में नियमित रूप से फॉगिंग अभियान चलाने के भी निर्देश जारी किए।

बहादुरगंज क्षेत्र में स्थित फव्वारे तथा शफी उल्ला टेलर के पास पुराने पेड़ के कारण यातायात बाधित होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई कर पेड़ हटाने के निर्देश दिए।

व्यापारी प्रतिनिधियों ने बहादुरगंज क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की कमी का मुद्दा उठाया, जिस पर जिलाधिकारी ने नगर निगम को शीघ्र शौचालय निर्माण एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में व्यापारियों द्वारा बिना अनुमति विद्युत भार (लोड) बढ़ाने से संबंधित शिकायतों पर जिलाधिकारी ने सुझाव दिया कि ऐसी शिकायतों की सूचना विद्युत विभाग के हेल्पलाइन नंबर 1912 पर दी जाए, ताकि समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इसके अलावा शहर में लगाए गए अवैध विज्ञापनों एवं होर्डिंग्स के खिलाफ अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, सहायक आयुक्त (प्रशासन) राज्य कर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments