Breaking News

उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें, उद्योगों के लिए बेहतर माहौल बनाएं: डीएम

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए।

बैठक के दौरान उपायुक्त उद्योग ने "एक जनपद एक उत्पाद" की तर्ज पर शुरू की जा रही "एक जनपद एक व्यंजन" योजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

रोजा क्षेत्र में जलभराव और जल निकासी की समस्या पर जिलाधिकारी ने नगर निगम को नालों की सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए मोहम्मदी पुल से सीतापुर बाईपास तक स्ट्रीट लाइट लगाने के भी निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।

उद्यमियों द्वारा समय पर विद्युत बिल न मिलने की समस्या उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि प्रत्येक माह सभी उद्यमियों को समय पर बिजली बिल उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में उद्योग स्थापना से जुड़े भूमि आवंटन, विद्युत कनेक्शन एवं अन्य आवश्यक अनुमतियों के लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और उद्योगों की स्थापना एवं संचालन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराएं।

बैठक में उद्योग बंधु के प्रतिनिधियों ने विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों से जिलाधिकारी को अवगत कराया, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments