Breaking News

⚽ शाहजहाँपुर में 74वीं अन्तर्जनपदीय पुलिस फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आगाज

 


✍️ स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने फीता काटकर किया उद्घाटन, बरेली जोन की पुलिस टीमें दिखाएंगी दमखम

शाहजहाँपुर। जीएफ कॉलेज ग्राउंड में सोमवार को 74वीं अन्तर्जनपदीय पुलिस फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 (बरेली जोन) का भव्य शुभारम्भ हुआ। आयोजन सचिव एवं पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर सौरभ दीक्षित ने फीता काटकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।

तीन दिवसीय प्रतियोगिता 13 से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसकी मेजबानी शाहजहाँपुर पुलिस कर रही है। प्रतियोगिता में बरेली जोन के विभिन्न जनपदों की पुलिस फुटबॉल टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।

उद्घाटन समारोह में पुलिस अधीक्षक ने प्रतिभागी टीमों की आकर्षक परेड की सलामी ग्रहण की तथा टीम मैनेजरों और आयोजन समिति के पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन, समर्पण और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने कहा कि खेल पुलिस बल में शारीरिक दक्षता, मानसिक सुदृढ़ता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आपसी समन्वय और टीम भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं। ऐसी प्रतियोगिताएं पुलिसकर्मियों के बीच पारस्परिक सहयोग और सौहार्द को और अधिक सशक्त बनाती हैं।

इसके बाद आयोजन सचिव ने “मैं 74वीं अन्तर्जनपदीय पुलिस फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 के शुभारम्भ की घोषणा करता हूँ” कहते हुए प्रतियोगिता के शुभारम्भ की औपचारिक घोषणा की।

प्रतियोगिता के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा सुरक्षा, आवास, भोजन, चिकित्सा, परिवहन एवं खेल संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

उद्घाटन अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न जनपदों के टीम मैनेजर, खिलाड़ी एवं आयोजन समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।

सच की आवाज वेब न्यूज़
डिजिटल भारत की नई आवाज

Post a Comment

0 Comments