Breaking News

ऑपरेशन Ethanol Shield: पेट्रोल-डीजल में मिलावट और कालाबाज़ारी का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार

 

✍️ जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश लखनऊ

क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, हजारों लीटर पेट्रोल-डीजल, सॉल्वेंट और अपमिश्रित ईंधन बरामद

लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की क्राइम ब्रांच ने “Operation Ethanol Shield” के तहत पेट्रोल-डीजल की कथित चोरी, अवैध अपमिश्रण और कालाबाज़ारी से जुड़े संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस उपायुक्त अपराध किरन यादव के नेतृत्व में विशेष टीम ने मलिहाबाद थाना क्षेत्र में सन्यासी बाग फ्लाईओवर के निकट गुलाबखेड़ा (कनार) रोड स्थित एक मकान पर दबिश दी। मौके पर एक टैंकर और एक अन्य वाहन संदिग्ध अवस्था में मिले।

जांच में सामने आया कि टैंकर अमौसी स्थित एचपीसीएल टर्मिनल से विधानसभा मार्ग स्थित शुभम फिलिंग स्टेशन के लिए पेट्रोल और डीजल लेकर निकला था। पुलिस का दावा है कि रास्ते में टैंकर से ईंधन निकालकर उसकी अवैध बिक्री की जा रही थी। आबकारी विभाग की टीम को मौके पर बुलाकर परीक्षण एवं सत्यापन कराया गया।

भारी मात्रा में पेट्रोल-डीजल और सॉल्वेंट बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 7,750 लीटर पेट्रोल, 4,000 लीटर डीजल, करीब 1,150 लीटर कथित अपमिश्रित पेट्रोल और लगभग 3,200 लीटर सॉल्वेंट बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा टैंकर के पाइप एवं चैम्बर से करीब 250 लीटर पेट्रोल तथा ईंधन निकालने में इस्तेमाल मास्टर चाबी, डिप रॉड, प्लास्टिक पाइप, कीप और मापक समेत अन्य उपकरण बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में टैंकर चालक ने रास्ते में पेट्रोल निकालकर लगभग 75 रुपये प्रति लीटर की दर से बेचने की बात बताई। वहीं पुलिस का दावा है कि खरीदे गए ईंधन में सॉल्वेंट मिलाकर स्थानीय ग्राहकों को अधिक कीमत पर बेचकर अवैध लाभ कमाया जाता था।

चार अभियुक्त गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में अनिल कुमार, अभिषेक राजपूत, धीरज सिंह और रामतीर्थ को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों से पूछताछ एवं अन्य विधिक कार्रवाई जारी है।

अपर पुलिस उपायुक्त अपराध किरन यादव के अनुसार, “Operation Ethanol Shield” का उद्देश्य पेट्रोल-डीजल में अवैध अपमिश्रण, ईंधन चोरी और कालाबाज़ारी जैसे संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

सच की आवाज वेब न्यूज़
डिजिटल भारत की नई आवाज

Post a Comment

0 Comments