Breaking News

भैंस चोरी का खुलासा: सिंधौली पुलिस ने दो अभियुक्तों को दबोचा, अवैध तमंचा, चाकू, नकदी और चोरी की भैंस बरामद

 

✍️ स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश

शाहजहाँपुर। थाना सिंधौली पुलिस ने भैंस चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक चोरी की भैंस, एक पड़िया, अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, नाजायज चाकू और ₹5,000 नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को ग्राम सिसैया निवासी शिवनरायन सिंह ने अपनी तथा अन्य किसानों की भैंस चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर थाना सिंधौली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम बबरा-भवानीपुर कच्चे मार्ग पर दबिश देकर कमालुद्दीन उर्फ कमलू (26 वर्ष) और बबलू (40 वर्ष) निवासी ग्राम सैजनिया, थाना उचौलिया, जनपद लखीमपुर खीरी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो अन्य आरोपी शालू बंजारा और अरबाज अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस ने कमालुद्दीन के कब्जे से एक 12 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस, जबकि बबलू के पास से एक नाजायज चाकू बरामद किया। इसके अलावा दोनों के पास से ₹5,000 नकद, एक चोरी की भैंस और एक पड़िया भी बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार अभियुक्तों का पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में नाम सामने आ चुका है।

सच की आवाज वेब न्यूज़
डिजिटल भारत की नई आवाज

Post a Comment

0 Comments