Breaking News

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हथौड़िया में नमामि गंगे कार्यक्रम आयोजित

 

✍️ स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने किया पौधरोपण, जल और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

शाहजहाँपुर। वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत रविवार को थाना रोजा क्षेत्र के ग्राम हथौड़िया में नमामि गंगे कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने की।

कार्यक्रम में सांसद अरुण कुमार सागर, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

इस दौरान वृक्षारोपण, संगोष्ठी, स्वच्छता एवं श्रमदान प्रतियोगिता, जल चौपाल, जल संरक्षण और गंगा आरती सहित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। उपस्थित लोगों को जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन के प्रति जागरूक किया गया।

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वित्त मंत्री, सांसद, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधरोपण किया। साथ ही प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में पर्यावरण एवं जल संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने पर विशेष जोर दिया गया। जनसहभागिता के माध्यम से हरित और स्वच्छ वातावरण के निर्माण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया।

सच की आवाज वेब न्यूज़
डिजिटल भारत की नई आवाज

Post a Comment

0 Comments