Breaking News

किराएदार ने मकान मालकिन के घर की चोरी कबूली, चोरी के सोने का पिघला हुआ टुकड़ा बरामद, आरोपी गिरफ्तार

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 07 जुलाई 2026। थाना कोतवाली पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए वांछित अभियुक्त समीर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 5.60 ग्राम पीली धातु (सोने का पिघला हुआ टुकड़ा) बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी किए गए जेवरात को बेचने की फिराक में था।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कान्हा गौशाला के पास हाईवे से आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 26 जून 2026 को मकान मालकिन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके किराएदार समीर, मायशा एवं शहजाद ने उनकी अनुपस्थिति में घर की अलमारी के लॉकर से नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। इस संबंध में थाना कोतवाली पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी समीर ने स्वीकार किया कि उसने अपनी बहन मायशा के साथ मिलकर मकान मालकिन के असली सोने के जेवर चोरी कर उनकी जगह नकली जेवर रख दिए थे। आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए कुछ जेवरों को पिघलाकर बरामद धातु का टुकड़ा तैयार किया गया था, जिसे वह बेचने के लिए बाराबंकी जा रहा था। शेष जेवरों की जानकारी उसकी बहन मायशा को है।

बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Post a Comment

0 Comments