Breaking News

वाराणसी में विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा, मुख्यमंत्री योगी ने दिए सख्त निर्देश


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️ 

वाराणसी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज वाराणसी में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की प्रगति तथा कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक में जल जीवन मिशन, प्रमुख विकास परियोजनाओं, श्रावण मास की तैयारियों तथा कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के कार्यों को तेजी से पूर्ण कराया जाए। पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों का रेस्टोरेशन कार्य भी समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

महत्वाकांक्षी परियोजनाएं समय सीमा में हों पूरी

मुख्यमंत्री ने रोप-वे, एकीकृत मंडलीय कार्यालय, यूनिटी मॉल सहित अन्य महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया।

श्रावण मास की तैयारियों पर विशेष जोर

आगामी श्रावण मास को देखते हुए मुख्यमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में काशीवासियों के दर्शन के लिए अलग मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, परिवहन विभाग तथा रेलवे के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा।

श्रद्धालुओं को मिलें सभी आवश्यक सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के लिए साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, खोया-पाया केंद्र, स्वास्थ्य सेवाएं, आपदा प्रबंधन, निःशुल्क लॉकर एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही होटल, रेस्तरां एवं बस स्टैंडों पर मनमाना शुल्क वसूले जाने पर प्रभावी निगरानी रखने और बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कानून-व्यवस्था को लेकर दिए अहम निर्देश

मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की विशेष सतर्कता, नियमित पेट्रोलिंग, प्रत्येक छह माह में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रोटेशन प्रणाली लागू करने, फुट पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही गो-तस्करी, अवैध शराब तस्करी एवं अन्य अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का मेरिट के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

Keywords: Yogi Adityanath, Varanasi News, Jal Jeevan Mission, Kashi Vishwanath, Shravan Mela 2026, Uttar Pradesh News, Development Projects, Law and Order, CM Yogi Review Meeting

Post a Comment

0 Comments