Breaking News

शाहजहाँपुर में जाम और अतिक्रमण पर यातायात पुलिस का एक्शन, अवैध कब्जे हटवाए; वाहनों के काटे चालान

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और जाम की समस्या से आमजन को राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने शनिवार को विशेष अभियान चलाया। थाना सदर बाजार क्षेत्र में लाल इमली से सुभाष नगर होते हुए मॉडल रोड तक अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर देवेन्द्र कुमार तथा क्षेत्राधिकारी सदर/यातायात शुभम वर्मा के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान अस्पतालों और मुख्य मार्ग के किनारे स्थित दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया।

यातायात पुलिस ने सड़क तक फैले सामान, अवैध ठेलों और आवागमन में बाधा बन रहे अन्य अतिक्रमण को हटाकर मार्ग को सुचारु कराया। वहीं, नो-पार्किंग क्षेत्र और मुख्य सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। वाहन चालकों को भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की चेतावनी भी दी गई।

प्रभारी निरीक्षक यातायात ने दुकानदारों से अपनी दुकान की सीमा के भीतर सामान रखने और वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करने की अपील की है।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि जाम और अतिक्रमण के खिलाफ जनहित में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments